गया-डोभी मार्ग पर लूट: ₹1.37 लाख नगद और मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

मसौढ़ी: गया-डोभी मार्ग पर शनिवार (4 जुलाई 2026) को दिनदहाड़े लूट की एक घटना सामने आई है। केवड़ा ओपी क्षेत्र में एक व्यक्ति को दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने रोककर डंडे से हमला किया और उसके पास मौजूद ₹1,37,500 नगद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही केवड़ा ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले के उद्भेदन को लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02, मसौढ़ी कन्हैया सिंह ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस की अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।



