पटना में घर की दुकान के अंदर चल रहा था अवैध हथियार बनाने का खेल! पुलिस की छापेमारी में देसी कट्टा और मशीनें बरामद
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना। राजधानी पटना के पुनपुन थाना क्षेत्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक घर में स्थित दुकान के अंदर कथित तौर पर छिपकर अवैध हथियार बनाने का काम किया जा रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने 27 अगस्त को छापेमारी की और मौके से एक अर्धनिर्मित देसी कट्टा, एक लैथ मशीन समेत हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि महेंद्र मिश्री अपने घर की दुकान में अवैध हथियार बनाकर उसकी बिक्री करता है। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने दुकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान लोहे की रेती, ड्रिल बिट, पेचकस, हथौड़ी, रिंग, वाइस मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।इस मामले में महेंद्र मिश्री को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उनके पुत्र सुरजमन मिश्री की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुनपुन थाना में कांड संख्या 288/26 के तहत Arms Act की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सवाल अब यह है कि इस दुकान में बने हथियार आखिर कहां और किसके हाथों तक पहुंचाए जा रहे थे? पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।



