क्राइमपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

फतुहा में झाड़ियों के बीच चल रही थी अवैध मिनी गन फैक्ट्री! पुलिस पहुंची तो नाव से फरार हुए संदिग्ध

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना/फतुहा। राजधानी पटना के फतुहा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां गंगा नदी के किनारे झाड़ियों में छिपाकर चलाए जा रहे एक कथित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले बड़ी संख्या में अर्धनिर्मित पुर्जे और कई उपकरण बरामद किए हैं।

मामला 26 अगस्त की शाम का बताया जा रहा है। नदी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मौनियां घाट के सामने गंगा नदी के टापूनुमा इलाके में झाड़ियों के बीच अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे हैं। तैयार हथियारों को कथित तौर पर बाहर ले जाकर सप्लाई करने की भी सूचना थी।

सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस और सशस्त्र बल की टीम ने इलाके में छापेमारी की। लेकिन पुलिस के पहुंचते ही तीन से चार संदिग्ध नाव के जरिए फरार होने लगे। पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन सभी आरोपी भागने में सफल रहे।

इसके बाद झाड़ियों की गहन तलाशी ली गई, जहां से देशी कट्टे के अर्धनिर्मित बैरल, बॉडी, ट्रिगर, ट्रिगर गार्ड और हैमर के कई टुकड़े बरामद किए गए। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले रेती, आरी के ब्लेड, छेनी, ड्रिल मशीन, रिंच, फाइल, रिमर और अलग-अलग आकार के ड्रिल बिट समेत कई औजार भी मिले।

इस मामले में नदी थाना कांड संख्या 347/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर गंगा नदी के टापूनुमा इलाके में यह अवैध ठिकाना कब से चल रहा था? इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और यहां तैयार हथियारों की सप्लाई कहां की जाती थी? इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुट गई है।

Related Articles

Back to top button