क्राइमपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पटना से 17 वर्षीय किशोरी रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस चार एंगल से कर रही जांच

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: बिहार की राजधानी पटना से 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता किशोरी की पहचान सौम्या भारती के रूप में हुई है, जो रामकृष्णा नगर की रहने वाली है। वह सोमवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के हरि निवास इलाके से अचानक लापता हो गई। घटना के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

परिजनों के मुताबिक, सौम्या ने रघुनाथ बालिका उच्च विद्यालय से 10वीं तक की पढ़ाई की थी। इसके बाद वह अपने खर्च पूरे करने के लिए हरि निवास स्थित एक मोबाइल दुकान में काम कर रही थी। सोमवार को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

सौम्या की मां ने बेटी के अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस इन चार एंगल से कर रही जांच

1. लव ट्रायंगल: पुलिस जांच कर रही है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक युवती द्वारा सौम्या की तस्वीर साझा कर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का इस मामले से कोई संबंध तो नहीं है।

2. अफेयर एंगल: सौम्या सोशल मीडिया पर सक्रिय थी और मोबाइल दुकान में काम करती थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं किसी से उसकी दोस्ती या प्रेम संबंध तो नहीं था।

3. पुरानी दुश्मनी: करीब सात दिन पहले सौम्या के घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट की घटना हुई थी। जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि कहीं उसी विवाद का इस गुमशुदगी से कोई संबंध तो नहीं है।

4. अपहरण: परिवार द्वारा अपहरण की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस इस एंगल से भी गहन जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सौम्या का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी।

Related Articles

Back to top button