बिहारबिहारशरीफब्रेकिंग न्यूज़

राजगीर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई संत कबीर साहेब की 629वीं जयंती, निकली भव्य शोभायात्रा

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

राजगीर: राजगीर स्थित सतगुरु कबीर आश्रम में संत कबीर साहेब की 629वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आश्रम से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 200 से 300 श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कबीरपंथियों ने भाग लिया।

शोभायात्रा आश्रम से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, ब्लॉक रोड और कचहरी रोड होते हुए पुनः आश्रम पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने संत कबीर साहेब के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया। इसके बाद आश्रम परिसर में भंडारा, भजन-कीर्तन और सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर अतिपिछड़ा/दलित/अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कबीर साहेब के उपासक रामदेव चौधरी तथा आश्रम के महंत मुन्ना साहेब ने संयुक्त रूप से कहा कि संत कबीर साहेब भारतीय भक्ति आंदोलन के महान समाज सुधारक, कवि और दार्शनिक थे। उन्होंने जातिवाद, छुआछूत, अंधविश्वास और धार्मिक पाखंड का विरोध करते हुए सामाजिक समरसता और हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि संत कबीर साहेब की प्रमुख रचनाएं साखी, सबद और रमैनी हैं, जिनका संकलन ‘बीजक’ के नाम से प्रसिद्ध है। उनके दोहे आज भी समाज को सत्य, समानता और मानवता का मार्ग दिखाते हैं। उनके विचारों को मानने वाले अनुयायी कबीरपंथी कहलाते हैं तथा उनके कई दोहे गुरु ग्रंथ साहिब में भी संकलित हैं।

कार्यक्रम के दौरान संत कबीर के प्रसिद्ध दोहों— “जाति न पूछो साधु की, पूछ लीजिए ज्ञान…” तथा “साईं इतना दीजिए, जामे कुटुम समाय…” का पाठ कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

इस मौके पर डॉ. सुख नारायण, भगवान साहेब, किशोरी साहेब, विनोद कुमार पटेल, शंकर साहेब, दमन साहेब, उमेश दास, अधिवक्ता मिथिलेश कुमार, सुखदेव दास, मंजू दासीन, कुंती दासीन, रामेश्वर साहेब, जयंत दास, अर्जुन दास, शिवनंदन दास, प्रमोद साहेब, मंगल साहेब, सुक्खू चंद साहेब, देवेंद्र साहेब, बुद्धदेव साहेब, लाल बाबा, सुरेश दास सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button