क्राइमबिहारब्रेकिंग न्यूज़

बेगूसराय में रिश्वतखोरी पर निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, लिपिक और दलाल गिरफ्तार

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट ।

बेगूसराय में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिवहन कार्यालय के एक लिपिक और एक कथित दलाल को 6,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 29 मई 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 063/26 के तहत की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार, लिपिक, जिला परिवहन कार्यालय, बेगूसराय और शिवानंद झा, कथित दलाल के रूप में हुई है। निगरानी ब्यूरो की टीम ने संजय कुमार को जिला परिवहन कार्यालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष से तथा शिवानंद झा को व्यवहार न्यायालय, बेगूसराय के दक्षिणी गेट के सामने सड़क से गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरौली निवासी सत्यम कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वाहन हस्तांतरण (ट्रांसफर) कराने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद कांड दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक रंजीत कुमार निराला के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (रेड टीम) का गठन किया गया।

पूर्व नियोजित कार्रवाई के तहत टीम ने दोनों आरोपियों को 6,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में पेश किया जाएगा।

फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और निगरानी ब्यूरो पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी पड़ताल कर रहा है।

Related Articles

Back to top button