पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

PMCH में स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा एक्शन, ऑन-ड्यूटी गायब मिले प्रिंसिपल पद से हटाए गए

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना के प्रतिष्ठित सरकारी अस्पताल पीएमसीएच में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले। बताया जा रहा है कि निरीक्षण के समय वे सरकारी सेवा अवधि में अपने निजी क्लिनिक में मरीजों को देख रहे थे।

जानकारी के अनुसार, मंत्री के अस्पताल पहुंचने पर प्रिंसिपल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। अस्पताल प्रशासन की इस गंभीर लापरवाही को स्वास्थ्य मंत्री ने बेहद गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को प्रिंसिपल पद से हटा दिया।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों और डॉक्टरों की जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। मंत्री के इस सख्त कदम को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में अनुशासन और पारदर्शिता स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सरकारी अस्पतालों में औचक निरीक्षण और निगरानी को और सख्त किया जा सकता है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।

फिलहाल स्वास्थ्य मंत्री के इस फैसले की चर्चा पूरे बिहार में हो रही है। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई का सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं पर कितना प्रभाव पड़ता है।

Related Articles

Back to top button