क्राइमबिहारब्रेकिंग न्यूज़

बिहार में घूसखोर ASI गिरफ्तार, निगरानी विभाग ने 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

एम ए न्यूज डेस्क के रिपोर्ट

मुजफ्फरपुर: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर ओपी में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मुन्ना यादव को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी एएसआई पर एक मामले में मदद करने और केस डायरी अपने पक्ष में मैनेज करने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, बरूराज थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी बबन पासवान का अपने पड़ोसी मोहन पासवान के साथ विवाद हुआ था। इस मामले की जांच एएसआई मुन्ना यादव कर रहे थे। आरोप है कि जांच में मदद करने और केस को अनुकूल बनाने के लिए उन्होंने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में 8 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

बबन पासवान रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी विभाग की विशेष टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।

योजना के तहत शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे 8 हजार रुपये एएसआई को दिए। जैसे ही मुन्ना यादव ने रुपये लिए, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उनके हाथ धुलवाए गए, जिसमें केमिकल की पुष्टि होने पर रिश्वत लेने का आरोप साबित हुआ।

पटना ले जाकर होगी पूछताछ

निगरानी विभाग के डीएसपी शिव कुमार साह ने बताया कि सत्यापन के बाद विशेष टीम ने आरोपी एएसआई को थाने से ही गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया है। इसके बाद आरोपी को विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।

निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button