पटना में रिश्वत लेते रंगे हाथ थानेदार गिरफ्तार, JCB चलाने के एवज में मांग रहा था साप्ताहिक घूस
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना जिले के साम्यागढ़ थाना के थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी रविवार (20 जुलाई 2026) को साम्यागढ़ थाना परिसर से की गई।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, प्रहलादपुर निवासी मनोज कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि थानाध्यक्ष क्षेत्र में जेसीबी (JCB) चलाने के बदले हर सप्ताह रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए।
इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 085/26 दर्ज कर वरीय पुलिस उपाधीक्षक अरुणोदय पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने जाल बिछाकर थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को 27,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके उपरांत उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि वर्ष 2026 में यह भ्रष्टाचार के खिलाफ दर्ज 85वां मामला है। इनमें 79 ट्रैप केस शामिल हैं, जिनमें अब तक 79 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इस वर्ष अब तक 29.14 लाख रुपये से अधिक की रिश्वत राशि बरामद की गई है। वहीं, वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप मामलों में 37.80 लाख रुपये की रिश्वत बरामद हुई थी।



