कैरियरपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

गंडक नदी के आसपास फ्लैश फ्लड की आशंका, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना। तिब्बत क्षेत्र में 26 अगस्त 2026 को ग्लेशियर झील विस्फोट (GLOF) की घटना के बाद गंडक नदी के आसपास के जिलों में संभावित फ्लैश फ्लड को लेकर बिहार प्रशासन अलर्ट मोड पर है। स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन विभाग में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की गई।

मुख्य सचिव ने मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण और वैशाली के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सभी जिलों को Standard Operating Procedure (SOP) के अनुरूप आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरा करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने, राहत सामग्री उपलब्ध रखने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। तटबंधों की निगरानी के लिए चौकीदारों और होमगार्ड जवानों से लगातार पेट्रोलिंग कराने तथा NDRF और SDRF टीमों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित फ्लैश फ्लड को देखते हुए तटबंध के आसपास के क्षेत्रों में माइकिंग कराकर 5,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जिले में सात कम्युनिटी किचन के माध्यम से 1,150 से अधिक लोगों को भोजन भी उपलब्ध कराया गया है।

अन्य जिलों में भी राहत केंद्र और कम्युनिटी किचन चिन्हित किए गए हैं। चिकित्सीय दलों को इन केंद्रों के साथ टैग किया गया है, जबकि तटबंधों की सतत निगरानी जारी है।

मुख्य सचिव ने आम लोगों से पैनिक नहीं करने और अफवाहों व फेक न्यूज से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। लोगों से केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से मिली जानकारी पर भरोसा करने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button