नौबतपुर में 831 लीटर विदेशी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना: शराबबंदी वाले बिहार में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 831.48 लीटर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि नौबतपुर थाना क्षेत्र के परसा-नगवां की ओर जाने वाली पक्की सड़क के पास पईन के समीप प्लास्टिक से कुछ संदिग्ध सामान ढककर रखा गया है। कुछ लोग उसकी निगरानी भी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर नौबतपुर थाने की टीम ने छापेमारी दल गठित कर मौके पर कार्रवाई की।

पुलिस टीम को मौके पर पहुंचते देख तीन व्यक्ति भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। इसके बाद प्लास्टिक से ढकी वस्तु की जांच की गई तो अलग-अलग ब्रांड की 831.48 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील राय, ब्रिजेश राय और मृत्युंजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि शराब छपरा जिले से लाई गई थी और इसे खरीद-बिक्री के लिए नौबतपुर बाजार ले जाया जा रहा था।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और शराब की सप्लाई से जुड़े कनेक्शन की जांच कर रही है। मामले में नौबतपुर थाना कांड संख्या 665/2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।




