नौबतपुर में रिश्वत लेते प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार, 2026 में 100 अभियुक्त रंगे हाथ पकड़े गए
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना के नौबतपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विनोद कुमार राम को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 9 सितंबर 2026 को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, नौबतपुर परिसर में की गई।
जानकारी के अनुसार, बेला निवासी कृष्णा शर्मा ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि जन वितरण प्रणाली की दुकान से संबंधित अगस्त 2026 की रिपोर्ट बनाकर भेजने के एवज में उनसे रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना में मामला दर्ज किया गया और डीएसपी आदित्य राज के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया।
टीम ने कार्रवाई करते हुए विनोद कुमार राम को 8 हजार रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया। उनके पटना स्थित घर और प्रतिष्ठान की तलाशी भी की जा रही है। पूछताछ के बाद उन्हें विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक भ्रष्टाचार के खिलाफ 107 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 100 अभियुक्तों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 36 लाख 66 हजार 800 रुपये की रिश्वत राशि बरामद हुई है। इसके अलावा 37 हजार रुपये कीमत की एक नई वाशिंग मशीन भी बरामद की गई है।



