क्राइमबिहारब्रेकिंग न्यूज़

जहानाबाद में 12 हजार रुपये रिश्वत लेते मुखिया गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट।

जहानाबाद: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने जहानाबाद जिले के पंडौल पंचायत के मुखिया नन्दकिशोर राम को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, परिवादी प्रमोद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने और उनकी पतोहू ने मनरेगा की दो योजनाओं में मजदूरी एवं मेठ का कार्य किया था। इन दोनों योजनाओं का लगभग 1.64 लाख रुपये भुगतान हो चुका था। आरोप है कि भुगतान के बाद पंचायत के मुखिया नन्दकिशोर राम ने कमीशन के नाम पर 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने पर निगरानी थाना कांड संख्या-89/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक रंजीत कुमार निराला के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।

शनिवार, 1 अगस्त 2026 को धावादल ने कार्रवाई करते हुए जहानाबाद जिले के शकुराबाद बाजार स्थित नेहालपुर मोड़ के पास मुखिया नन्दकिशोर राम को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके उपरांत उसे विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 89वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें 85 ट्रैप मामले शामिल हैं, जिनमें अब तक 84 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इस वर्ष अब तक कुल 30,25,800 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है। वहीं, वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप मामले दर्ज हुए थे और 37,80,300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई थी।

Related Articles

Back to top button