पुनपुन थाना का वार्षिक निरीक्षण, नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) ने दिए कई अहम निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: राजधानी पटना के पुनपुन थाना का वार्षिक निरीक्षण नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, CCTNS प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों तथा विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साथ ही अभिलेख संधारण और थाना के प्रशासनिक कार्यों का भी मूल्यांकन किया गया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान करने, निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने, जनसेवा की भावना को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन करने पर विशेष जोर दिया।

इसके अलावा अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रात्रि गश्ती एवं वाहन जांच अभियान को और सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखकर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।



