पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़राजनीति

UCC को लेकर मंत्री संतोष सुमन का बड़ा बयान

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: बिहार में समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जदयू की ओर से बिहार में UCC लागू नहीं किए जाने की बात के बीच हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन ने बड़ा बयान दिया है।

संतोष सुमन ने कहा कि UCC को लेकर पहले विचार-विमर्श किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जब इस संबंध में बात कही है, तो निश्चित तौर पर इसमें कुछ अच्छी बातें होंगी। उन्होंने सवाल किया कि अगर कुछ अच्छा है तो उसे लागू करने में क्या दिक्कत है। उन्होंने संकेत दिया कि बिहार में UCC लागू किया जा सकता है।

वहीं, 18 सितंबर को जदयू की प्रस्तावित बैठक को लेकर संतोष सुमन ने कहा कि यह जदयू की अपनी बैठक है और अगर संगठन को लेकर बैठक हो रही है तो यह पूरी तरह जदयू का मामला है।

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस और राजद के बीच चल रही खींचतान पर भी उन्होंने निशाना साधा। संतोष सुमन ने कहा कि दोनों दलों के बीच कोई गठबंधन नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग दिल्ली में साथ तस्वीर खिंचवाते हैं और पटना में भी साथ नजर आते हैं, लेकिन वास्तव में इनका कोई गठबंधन नहीं है। उन्होंने इसे स्वार्थ का गठबंधन बताते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच नूरा-कुश्ती चलती रहती है।

Related Articles

Back to top button