देश को संवेदनशील और ईमानदार प्रशासनिक अधिकारियों की जरूरत : प्रो. डीपी अग्रवाल
70वीं बीपीएससी में अभियान-40 (IAS) का शानदार प्रदर्शन, 40 अभ्यर्थी सफल, सम्मान समारोह में मिला सेवा और ईमानदारी का संदेश

पटना। आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित अभियान-40 (IAS) ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। संस्था के 40 अभ्यर्थियों के चयन पर रविवार को पटना के छज्जूबाग स्थित बीआईए हॉल में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें समाज, संविधान और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी, संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर यूपीएससी के पूर्व अध्यक्ष प्रो. डी.पी. अग्रवाल ने कहा कि देश को ऐसे प्रशासनिक अधिकारियों की आवश्यकता है जो केवल नियमों का पालन करने वाले अधिकारी न हों, बल्कि आम जनता की समस्याओं को समझने वाले, संवेदनशील और ईमानदार व्यक्तित्व के धनी हों। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। यदि अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करें, तो देश की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम में पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. आर.बी. सिंह, बीपीएससी के पूर्व सदस्य प्रो. डी.एन. शर्मा, बीपीएससी की पूर्व अध्यक्ष रजीया मैडम, बिहार के एडीजी पारस नाथ (आईपीएस), अपर आयुक्त आर.के. मधुकर (आईआरएस), अपर आयुक्त आशुतोष कुमार शर्मा (आईआरएस) तथा तिरहुत प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह (आईएएस) सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रशासनिक सेवा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष बिलास कुमार ने कहा कि अभियान-40 का उद्देश्य केवल प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाना नहीं है, बल्कि ऐसे प्रशासनिक अधिकारी तैयार करना है जो समाज के प्रति संवेदनशील हों, जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते। अभियान-40 ऐसे युवाओं को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञ शिक्षकों का सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा में अभियान-40 के कुल 40 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें पटना केंद्र के 26 और दिल्ली केंद्र के 14 विद्यार्थी शामिल हैं। इन अभ्यर्थियों का चयन एसडीएम, डीएसपी, सब रजिस्ट्रार, आरडीओ, राजस्व पदाधिकारी, आपूर्ति निरीक्षक सहित विभिन्न प्रशासनिक पदों पर हुआ है, जो संस्था के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
संस्था की ओर से जारी जानकारी के अनुसार प्रियम्वद केशकंबली ने डीएसपी पद पर 99वीं रैंक, सौम्या सक्सेना ने सब रजिस्ट्रार पद पर 96वीं रैंक, प्रीति कुमारी ने एसडीएम पद पर 102वीं रैंक, अश्विनी कुमार ने एसडीएम पद पर 128वीं रैंक, अमित कुमार ने डीएसपी पद पर 158वीं रैंक, रुचि बानी ने एसडीएम पद पर 260वीं रैंक, अर्चना कुमारी ने आरडीओ पद पर 340वीं रैंक तथा मेघा भारती ने एसडीएम पद पर 501वीं रैंक प्राप्त कर संस्था का नाम रोशन किया है। इसके अलावा अन्य चयनित अभ्यर्थियों ने भी विभिन्न प्रशासनिक पदों पर सफलता हासिल कर अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक प्रतिष्ठित सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसे अधिकारियों की आवश्यकता है जो भ्रष्टाचार से दूर रहकर निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करें। सफल अभ्यर्थियों से अपील की गई कि वे अपने पद को केवल अधिकार का माध्यम न समझें, बल्कि समाज की सेवा का अवसर मानकर कार्य करें।
सम्मान समारोह में सफल अभ्यर्थियों के परिवारों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे माता-पिता, गुरुजनों और परिवार का महत्वपूर्ण योगदान होता है। समारोह के दौरान अभ्यर्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद अभियान-40 से मिले मार्गदर्शन और सहयोग ने उन्हें सफलता तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बिलास कुमार ने बताया कि गौतम बुद्ध ग्रामीण विकास फाउंडेशन (GBRDF) वर्ष 2012 से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, मानवाधिकार संरक्षण और ग्रामीण विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। इसी संस्था के अंतर्गत संचालित अभियान-40 (IAS) के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में संस्था के अनेक विद्यार्थी यूपीएससी, बीपीएससी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर देश और राज्य की विभिन्न सरकारी सेवाओं में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम का समापन सफल अभ्यर्थियों के सम्मान, प्रेरणादायक संबोधनों और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ। पूरे समारोह में यह संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया कि यदि प्रतिभा को सही मार्गदर्शन, अवसर और संसाधन मिलें, तो आर्थिक अभाव किसी भी युवा की सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकता। अभियान-40 की यह सफलता न केवल संस्था के लिए गौरव का विषय है, बल्कि उन हजारों युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद प्रशासनिक सेवाओं में जाकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने का सपना देखते हैं।



