जहानाबाद: 5 हजार रुपये रिश्वत लेते सरकारी अमीन गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट

जहानाबाद: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने मखदुमपुर अंचल कार्यालय में छापेमारी कर सरकारी अमीन अनिल कुमार को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के सिंदानी निवासी विमलेश कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि जमीन की मापी कराने के बदले सरकारी अमीन अनिल कुमार रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 082/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने बुधवार, 8 जुलाई 2026 को कार्रवाई करते हुए मखदुमपुर अंचल कार्यालय के प्रथम तल पर स्थित कंप्यूटर डेटा रिकॉर्ड रूम से आरोपी को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की एक और बड़ी सफलता माना जा रहा है।



